Breaking News

वॉलीबॉल महाकुंभ का पीएम मोदी ने किया शुभारंभ, बोले- टीम फर्स्ट का संदेश देता है यह खेल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। देश की धार्मिक राजधानी काशी में वॉलीबॉल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रधानमंत्री ने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का वर्चुअल उद्घाटन किया। जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यक्रम से जुड़े, पूरा स्टेडियम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने नमः पार्वती पतये हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ खिलाड़ियों, कोच और आयोजकों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वॉलीबॉल टीम फर्स्ट का संदेश देने वाला खेल है। इसमें हर खिलाड़ी अपनी टीम के लिए खेलता है और जीत किसी एक की नहीं बल्कि पूरी टीम की होती है। उन्होंने कहा कि यही भावना देश के लिए भी जरूरी है, जहां इंडिया फर्स्ट के भाव के साथ सभी को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने बनारस की संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी आने वाले खिलाड़ी यहां की ऊर्जा, उत्साह और अपनत्व को जरूर महसूस करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्टेडियम पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम योगी ने मंच से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि काशी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। यह आयोजन खेल और खिलाड़ियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस चैंपियनशिप में देशभर से 58 टीमें और 1022 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन को लेकर स्टेडियम को रंग-बिरंगे झंडों, बैनरों और होर्डिंग्स से सजाया गया है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि काशी में हो रहा यह आयोजन पूरे देश में खिलाड़ियों की पहचान और सम्मान को नई ऊंचाई देगा।

Check Also

हरदीप पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में उतारेगी भाजपा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। भाजपा नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *