वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में जन भवन प्रांगण में आयोजित “चांसलर कप” इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच शनिवार को भी जारी रहा। 28 फरवरी से 9 मार्च तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।
दिन के पहले मुकाबले में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय और एसजीपीजीआई के बीच रोमांचक मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भाषा विश्वविद्यालय की टीम ने 12 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए, जिसमें सुधीर कुमार ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। जवाब में एसजीपीजीआई ने 11.1 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। फिलिप ने नाबाद 20 और अनुप ने नाबाद 15 रन बनाए। फिलिप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय ने 12 ओवर में छह विकेट पर 124 रन बनाए। अजीत ने 34 और मनोज ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। जवाब में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की टीम 112 रन ही बना सकी और मुकाबला 12 रन से हार गई। हालांकि आरएमएल के अभिषेक ने 65 रन की शानदार पारी खेली।
पहले सेमीफाइनल में एसजीपीजीआई ने आरएमएल को पांच रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय ने एकेटीयू को 28 रन से पराजित किया। टूर्नामेंट का संचालन राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई और एकेटीयू के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडेय के नेतृत्व में किया जा रहा है।