– फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक : सुनील यादव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर फार्मासिस्ट फेडरेशन की ओर से मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ के सभागार में वैज्ञानिक सेमिनार आयोजित किया गया। इस वर्ष दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जीपी गुप्ता, निदेशक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल चिकित्सालय एवं अपर निदेशक, लखनऊ मंडल ने कहा कि ड्रग इंटरैक्शन रोकना, दवाओं की सही डोज निर्धारित करना, फार्माकोविजिलेंस तथा दवाओं के सुरक्षित और तर्कसंगत उपयोग को सुनिश्चित करना फार्मासिस्टों के महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य हैं। उन्होंने कहा कि दवा चिकित्सा की सुरक्षा और प्रभावशीलता में फार्मासिस्टों की विशेषज्ञ भूमिका महत्वपूर्ण है। फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के तकनीकी विशेषज्ञ हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. एचएन त्रिपाठी, निदेशक एवं विभागाध्यक्ष, इंटरनल मेडिसिन, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने कहा कि दवाओं के उपयोग में किसी भी प्रकार की गलती स्वीकार्य नहीं है। चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को दवाओं के प्रयोग में सतर्क रहना आवश्यक है। वैज्ञानिक सत्र में आईसीयू विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र सांगवान ने गंभीर मरीजों में दवाओं के चयन, सही डोज, दवा की प्रतिक्रिया और औषधि सुरक्षा पर व्यावहारिक जानकारी दी।
फार्मासिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं हैं। दवा की गुणवत्ता, सुरक्षित उपयोग, डोज, ड्रग इंटरैक्शन, रोगी परामर्श और फार्माकोविजिलेंस में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सेमिनार में फार्माकोविजिलेंस, दवा सुरक्षा, ड्रग इंटरैक्शन, डोज निर्धारण, आईसीयू में औषधियों के सुरक्षित उपयोग और रोगी-केंद्रित फार्मेसी सेवाओं पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने फार्मासिस्टों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और सुरक्षित औषधि उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महामंत्री अशोक कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जे. पी. नायक, उपाध्यक्ष राजेश सिंह एवं शिवकरन यादव, रिटायर विंग के अध्यक्ष जय सिंह सचान, एच. एल. राज, दीक्षित, यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष आदेश कृष्ण, महासचिव देवेंद्र, जनपद सचिव धीरेन्द्र, संरक्षक उपेंद्र, यूथ महिला विंग की अध्यक्ष अनुराधा सहित अजीत, अवधेश, अभिषेक, अनिल, सलमान तथा फार्मासिस्ट फेडरेशन के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया।