Breaking News

मेडिकल डिवाइस और फार्मा पार्क बनेंगे, स्वास्थ्य सुविधाओं में आएगा बड़ा बदलाव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा दौरे के दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि लोगों को सस्ती और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में ही दवाओं और चिकित्सकीय उपकरणों का निर्माण कराया जाएगा। इसी के तहत आगरा में मेडिकल डिवाइस पार्क और ललितपुर में फार्मा पार्क स्थापित किए जाएंगे।

सिकंदरा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के पास करीब 350 एकड़ जमीन मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए चिह्नित की गई है। यहां आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का निर्माण होगा, जिससे अस्पतालों को मशीनें और उपकरण कम लागत पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे जांच और सर्जरी का खर्च भी कम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ललितपुर में करीब 1500 एकड़ क्षेत्र में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां दवाओं का निर्माण होने से लोगों को सस्ती दवाएं मिल सकेंगी और प्रदेश औषधि उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पीपीपी मॉडल पर सुपर स्पेशियलिटी सेंटर स्थापित करने की नीति लाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जरूरत वाले जिलों में यदि निजी संस्थान मेडिकल कॉलेज स्थापित करना चाहें तो सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” जैसी स्थिति थी, जबकि अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” की दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 तक प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 81 हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही यह संख्या 10 करोड़ तक पहुंच जाएगी। इससे गरीब परिवारों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

Check Also

मेट्रो और रोजगार योजनाओं की मुख्य सचिव ने परखी रफ्तार, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गुरुवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES