वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को कई प्रमुख नेताओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने नए साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी की एकजुटता और मेहनत से 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी को मौका देगी। पार्टी की सदस्यता लेने वालों में संतकबीर नगर से कांग्रेस के चुनाव निशान पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके अधिवक्ता रोहित कुमार पांडेय प्रमुख रहे। इसके अलावा बीएसएफ के पूर्व डीआईजी राम सलत राम और मुजफ्फरनगर के अंकित सिंह ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थामा। इसके साथ ही प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच के बैनर तले प्रयागराज, लखनऊ, इटावा, लखीमपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कौशांबी, आजमगढ़, संतकबीरनगर, ललितपुर, कानपुर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर ग्रामीण एवं नगर, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों के शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बताया गया कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के विशेष प्रयासों से प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाजवादी पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने इसे आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया है।