वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में मेडिकल एजुकेशन के विस्तार के बाद अब योगी सरकार स्वास्थ्य संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर जोर दे रही है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में 1,606.83 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाएं शिलान्यास और लोकार्पण के लिए तैयार हैं। इनमें 1,400.70 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाएं शिलान्यास और 206.13 करोड़ रुपये की 21 परियोजनाएं लोकार्पण से जुड़ी हैं।
इन परियोजनाओं में अस्पताल भवनों के साथ ट्रॉमा सेंटर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र, नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास, लेक्चर थिएटर, परीक्षा भवन, जलापूर्ति, सीवरेज और अन्य सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के गोमतीनगर विस्तार परिसर में 855.04 करोड़ रुपये से 1,010 बेड के नए अस्पताल भवन का निर्माण प्रस्तावित है। मेरठ मेडिकल कॉलेज में लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर को 100 बेड के लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर में विकसित करने पर 48.15 करोड़ रुपये और बाल रोग विभाग में एमसीएच सेंटर के निर्माण पर 34.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कानपुर मेडिकल कॉलेज में करीब 49.40 करोड़ रुपये से संक्रामक रोग चिकित्सालय बनाने की तैयारी है। झांसी मेडिकल कॉलेज में बढ़ी एमबीबीएस सीटों के अनुरूप लेक्चर थिएटर, पुस्तकालय, कॉन्फ्रेंस हॉल और परीक्षा भवन के लिए 28.44 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। यहां 272 बेड के छात्रा छात्रावास पर 26.89 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नर्सिंग शिक्षा के विस्तार पर भी सरकार का जोर है। गोंडा में 9.93 करोड़ रुपये से नर्सिंग कॉलेज प्रस्तावित है। बहराइच, अयोध्या और हरदोई में नर्सिंग कॉलेज की परियोजनाएं लोकार्पण के लिए तैयार हैं। सहारनपुर में 60 सीट के बीएससी नर्सिंग कॉलेज और ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कॉलेज ऑफ नर्सिंग भी तैयार परियोजनाओं में शामिल हैं।
सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को भी विस्तार दिया जा रहा है। लोहिया संस्थान में किडनी, लिवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन यूनिट की परियोजना लोकार्पण के लिए तैयार है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से मरीजों के इलाज के साथ मेडिकल छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए जरूरी सुविधाएं भी मजबूत होंगी।