वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नई दिल्ली। भाजपा नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। पुरी का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल उत्तर प्रदेश से नवंबर में समाप्त हो रहा है। पार्टी ने हाल में संपन्न राज्यसभा चुनाव में उन्हें उत्तर प्रदेश से दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था। अब मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले को पार्टी की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश की यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। मुरुगन ने तमिलनाडु में पार्टी के काम पर ध्यान केंद्रित करने के लिए इस्तीफा दिया था। इस सीट पर 12 नवंबर को उपचुनाव होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख दो नवंबर तय की गई है। तीन नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि पांच नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान के दिन ही मतगणना भी होगी।
ज्ञात हो की हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। वह पूर्व राजनयिक भी रहे हैं। उत्तर प्रदेश से उनका मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना है। भाजपा ने पांच अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए घोषित आठ उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया था। ऐसे में मध्य प्रदेश से उनकी उम्मीदवारी ने संसद के उच्च सदन में उनकी सदस्यता जारी रहने का रास्ता खोल दिया है।
मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा की मजबूत स्थिति को देखते हुए पार्टी उम्मीदवार की जीत की संभावना जताई जा रही है।