वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के पहले दिन रविवार को 69.63 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। प्रदेश के 60 जिलों में 1372 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 11,80,434 अभ्यर्थियों में से 8,21,986 शामिल हुए। परीक्षा के दौरान दूसरे की जगह परीक्षा देते एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि एआई आधारित जांच में 21 अभ्यर्थी संदिग्ध चिह्नित किए गए।
गाजियाबाद में दूसरी पाली के दौरान रजनेश शर्मा के स्थान पर परीक्षा दे रहे पवन कुमार शर्मा को पकड़ा गया। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं, एआई आधारित फेस रिकग्निशन प्रणाली से पहली पाली में 14 और दूसरी पाली में सात अभ्यर्थियों को संदिग्ध पाया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इनकी जांच कर रही हैं। गड़बड़ी की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा में नकल और फर्जी अभ्यर्थियों पर अंकुश लगाने के लिए आयोग ने इस बार कई स्तरों पर सख्ती की। पहली बार एआई आधारित चेहरा पहचान प्रणाली के साथ आधार आधारित सत्यापन किया गया। परीक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। केंद्रों पर जैमर लगाए गए और आयोग मुख्यालय के कमांड सेंटर से लाइव निगरानी की गई। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई।
हालांकि, ट्रेनें लेट होने से कुछ अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटने की भी सूचना है। पीईटी तीन दिन आयोजित की जा रही है। अगली परीक्षा 30 अक्तूबर को होगी।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति के मुताबिक, एक नवंबर को होने वाली तीसरे दिन की परीक्षा के प्रवेश पत्र भी रविवार को जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी इन्हें आयोग की वेबसाइट और एप से डाउनलोड कर सकते हैं।