वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के जूनियर छात्रों की ऑनलाइन रैगिंग का मामला सामने आया है। सीनियर छात्रों पर जूनियरों को कमरे में बंद कर गाली-गलौज करने, प्रताड़ित करने और शिकायत करने पर धमकी देने के आरोप हैं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सात सीनियर छात्रों को सात दिन के लिए निलंबित कर दिया है। प्रत्येक पर एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो चार-पांच दिन पुराने हैं। इनमें एमबीबीएस बैच 2025 के सीनियर छात्र जूनियरों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं। दो वीडियो की अवधि तीन मिनट 13 सेकंड और तीन मिनट 42 सेकंड बताई गई है। हालांकि,एजेंसी इन वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी के मुताबिक, जांच में दोषी पाए गए सात छात्रों को शैक्षणिक कक्षाओं, क्लीनिकल ड्यूटी और छात्रावास से निलंबित किया गया है। एंटी रैगिंग कमेटी की आपात बैठक में जुर्माने की राशि बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन ने जूनियर छात्रों को सीनियरों के साथ मोबाइल नंबर साझा नहीं करने और अनधिकृत मैसेज मिलने पर संबंधित नंबर ब्लॉक कर एंटी रैगिंग कमेटी को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कुछ जूनियर छात्र अपने नंबर साझा कर सीनियरों की वीडियो कॉल उठा रहे थे। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अनुचित व्हाट्सऐप संदेशों को आगे भेजने पर एमबीबीएस बैच 2026 के एक छात्र को चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रैगिंग के मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।