वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
हरदोई। कांग्रेस पार्टी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कथित वोट चोरी के खिलाफ महारैली की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला कांग्रेस हरदोई मुख्यालय में एआईसीसी ऑब्जर्वर दामोदर दास गुर्जर की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी, पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेई, जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में एआईसीसी ऑब्जर्वर दामोदर दास गुर्जर ने रैली को सफल बनाने हेतु जिले के सभी ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे पर लोकतंत्र बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के निर्देशन में प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी के नेतृत्व में हरदोई की संडीला विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता 1 नवंबर को दिल्ली की ऐतिहासिक रैली में शामिल होंगे। बैठक में कहा गया कि यह रैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है और वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट बचाओ, देश बचाओ नारे के साथ विशाल रैली कर रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य इस आयोजन में लगभग 10 लाख लोगों को जुटाने का है, जबकि उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने दो लाख कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। रैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, कथित चुनावी अनियमितताएं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग है।
दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए कांग्रेस को अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया है, जिसके बाद पार्टी जिला और बूथ स्तर तक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चला रही है। हरदोई में आयोजित इस बैठक को प्रदेश की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य रैली में जिले की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना है।