वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और चिकित्सा नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ में न्यूरोपेडिकॉन-2026 के 25वें तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही विकसित राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश चिकित्सा क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में इस क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।
एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी, उत्तर प्रदेश चैप्टर द्वारा लखनऊ एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स तथा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पीडियाट्रिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में 23 से 25 अक्टूबर तक बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हो रहा है। इस रजत जयंती सम्मेलन में देशभर के बाल न्यूरोलॉजिस्ट, बाल चिकित्सक और न्यूरोसाइंस विशेषज्ञ नवीनतम शोध, उभरती चिकित्सा पद्धतियों और भविष्य की दिशाओं पर चर्चा कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा नेटवर्क खड़ा करने में सफल रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को स्वास्थ्य क्षेत्र का गेम चेंजर बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं से आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, बीमारियों के समयबद्ध निदान और गुणवत्तापूर्ण उपचार के लिए निरंतर शोध, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान आदान-प्रदान पर बल दिया। सम्मेलन में वरिष्ठ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कुमार को चिकित्सा, शोध और बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. रश्मि कुमार ने उत्तर प्रदेश में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी की नींव रखने और केजीएमयू में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी यूनिट स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नाम लगभग 130 शोध पत्र दर्ज हैं, जबकि वे 170 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान दे चुकी हैं। वर्ष 2022 से वे लगातार स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी से संबंधित दस से अधिक शोध पत्रिकाओं और स्मारिका का विमोचन भी किया। इन प्रकाशनों के माध्यम से बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के नवीनतम अनुसंधानों, चिकित्सा नवाचारों और विशेषज्ञों के अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन में मुख्य आयोजक डॉ. चंद्रकांता, डॉ. श्वेजित बंसल, डॉ. अशोक राय, डॉ. सपना गुप्ता, डॉ. अचल गुप्ता, डॉ. जितेंद्र साहू, डॉ. विनीत बंगडे, डॉ. अनूप वर्मा और डॉ. टीआर यादव सहित चिकित्सा जगत के अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे।