Breaking News

आसमान में गूंजी रामकथा, 1100 ड्रोन ने रचा अद्भुत दीपोत्सव दृश्य

– रामायण की झलकियों से सजा अयोध्या का आकाश, कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो ने किया मंत्रमुग्ध 
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। दीपोत्सव-2025 के भव्य आयोजन में राम की पैड़ी का आकाश ‘रामकथा’ से झिलमिला उठा। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार किए गए 1100 ड्रोन ने जब अयोध्या के आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों को सजीव रूप में उकेरा, तो मानो पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से भर गया। यह कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो दीपोत्सव की विशेष प्रस्तुतियों में से एक रहा, जिसने हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ड्रोन शो में ‘जय श्रीराम’, धनुषधारी भगवान श्रीराम, संजीवनी पर्वत उठाए हनुमान, रामसेतु और भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जैसी आकृतियों को अत्यंत सुंदरता से प्रदर्शित किया गया। प्रकाश, ध्वनि और संगीत के अद्भुत समन्वय ने राम की पैड़ी से लेकर सरयू घाट तक एक दिव्य दृश्य रच दिया। हर आकृति के उभरते ही ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष और तालियों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। पिछले वर्ष जहां 500 ड्रोन की प्रस्तुति ने लोगों को आकर्षित किया था, वहीं इस बार स्वदेश निर्मित 1100 ड्रोन ने रामायण की झलकियों को और भी भव्य रूप में प्रस्तुत किया। श्रद्धालु क्षणभर को ऐसा अनुभव कर रहे थे जैसे स्वर्ग धरती पर उतर आया हो। दीपोत्सव के मुख्य आयोजन से एक दिन पूर्व हुए इस ड्रोन शो ने पूरे अयोध्या को दीपमय कर दिया और दीपोत्सव 2025 को यादगार बना दिया।

Check Also

सनातन परंपरा के पथ पर पंचकोशी यात्रा, काशी की सेवा ही मेरा परम धर्म : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES