Breaking News

IMA के वार्षिक समारोह में लगभग 90 चिकित्सक सम्मानित, आठ को विशेष पुरस्कार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जनरल बॉडी मीटिंग से हुई, जिसके बाद सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
समारोह में चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों, विशेषज्ञ व्याख्यानों और कार्यशालाओं के माध्यम से चिकित्सकों के ज्ञान एवं कौशल संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया गया।
डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों, कैंसर एवं अन्य रोगों के प्रति जागरूकता, सीपीआर प्रशिक्षण, रक्तदान और सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से समाज तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया। 22 एवं 23 अगस्त 2026 को लखनऊ में आईएमए उत्तर प्रदेश की तृतीय स्टेट वर्किंग कमेटी बैठक का आयोजन भी सत्र की प्रमुख उपलब्धि रही। चिकित्सकों के स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और आईएमए भवन में जिम्नेजियम की स्थापना की गई। इस अवसर पर आठ चिकित्सकों को विशेष पुरस्कार दिए गए।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संवेदनशील और समर्पित चिकित्सा सेवा स्वस्थ समाज का आधार है। उन्होंने जनस्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में चिकित्सक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए की शैक्षणिक, सामाजिक और सदस्य कल्याण गतिविधियों की सराहना की।
समारोह के बाद चिकित्सकों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया एवं गरबा में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में लगभग 250 चिकित्सकों एवं उनके परिजनों की सहभागिता रही। आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि यह समारोह चिकित्सक परिवार को एकजुट करने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर देता है।

Check Also

फैजुल्लागंज में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की महापौर ने की समीक्षा, जलनिकासी और स्वच्छता में लापरवाही पर सख्त निर्देश

– अस्थायी महापौर कैंप कार्यालय में नागरिकों से किया संवाद, दवाओं के स्टॉक का किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *