Breaking News

एआई की हर सूचना पर भरोसा नहीं, खबर की पड़ताल जरूरी: विशाल सिंह, निदेशक सूचना

– कारोबारी हितों के बीच कहां खड़ी है पत्रकारिता की निष्पक्षता : संजय गिरि, संपादक
– मात्रा की चूक से बदल जाता है खबर का अर्थ : प्रभात रंजन दीन
– एआई बने मददगार, पत्रकार लगाएं खबर की तह तक जाने की दौड़ : डॉ. अजय सिंह, आईटी विशेषज्ञ
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल समय की जरूरत है, लेकिन तकनीक से मिली हर सूचना को बिना जांचे प्रसारित करना उचित नहीं है। खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्यों की पड़ताल और गहन शोध जरूरी है। यह बात सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह ने शनिवार को पत्रकारों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला में कही।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया), उत्तर प्रदेश की लखनऊ इकाई ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की। ‘पत्रकारों में पत्रकारीय समझ एवं पत्रकारिता में तकनीक और एआई का सफल उपयोग’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में भाषा, फेक न्यूज, सोशल मीडिया और मीडिया की स्वतंत्रता पर चर्चा हुई।
विशाल सिंह ने कहा कि एआई सूचनाएं जुटाने और काम को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है, लेकिन उसकी मदद से मिली जानकारी की पुष्टि अनिवार्य है। बिना पड़ताल के सामग्री प्रसारित करने से लोग गुमराह हो सकते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार प्रभात रंजन दीन ने भाषा की शुद्धता पर जोर देते हुए कहा कि शब्दों और मात्राओं की छोटी-सी गलती भी खबर का अर्थ बदल सकती है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सूचनाएं दोहराना नहीं, बल्कि तथ्यों की तह तक पहुंचना है। उन्होंने खोजपरक पत्रकारिता को मजबूत करने की जरूरत बताई।
टीवी नेटवर्क 10 के संपादक संजय गिरि ने कारोबारी हितों के बढ़ते प्रभाव के बीच मीडिया की निष्पक्षता और संपादकीय स्वतंत्रता बनाए रखने पर जोर दिया। आईटी विशेषज्ञ डॉ. अजेय सिंह ने कहा कि मेटाडेटा के विश्लेषण और डिजिटल सामग्री की जांच में एआई उपयोगी है। खबर सबसे पहले देने से अधिक महत्वपूर्ण उसकी सटीकता है।
एआई विशेषज्ञ अंबरीष श्रीवास्तव ने तकनीक पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय पत्रकारों को अपने विवेक और अनुभव का इस्तेमाल करने की सलाह दी। कार्यशाला में एनयूजे के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।कार्यक्रम में एनयूजे उत्तर प्रदेश के संरक्षक वीरेंद्र सक्सेना, संयोजक प्रमोद गोस्वामी एवं प्रभात रंजन दीन, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, महामंत्री बिजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष अरुण अवस्थी सहित संगठन के पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

Check Also

IMA के वार्षिक समारोह में लगभग 90 चिकित्सक सम्मानित, आठ को विशेष पुरस्कार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *