Breaking News

बारावफात पर एडीजी कानून एवं व्यवस्था ने कंट्रोल रूम से की प्रदेशभर की निगरानी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बारावफात के अवसर पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए एडीजी कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने आईजी कानून एवं व्यवस्था एल.आर. कुमार के साथ मिलकर कंट्रोल रूम से प्रदेशभर की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न जिलों में निकाले जा रहे जुलूसों की पल-पल की जानकारी ली और जनपदीय अधिकारियों को सतर्क रहते हुए हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
एडीजी ने साफ कहा कि जुलूसों के दौरान कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान देने और वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही जुलूस के मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।
कंट्रोल रूम से लगातार विभिन्न जिलों के पुलिस कप्तानों और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधी बातचीत कर हालात का जायजा लिया गया। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए पुलिस और प्रशासन समन्वय बनाकर काम करें।
एडीजी ने सभी जिलों के अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि वे स्थानीय स्तर पर धर्मगुरुओं और जुलूस आयोजकों के साथ सतत संवाद बनाए रखें ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि बारावफात पर शांति और सद्भाव का वातावरण बना रहना जरूरी है और इसके लिए पुलिस को पूरी तरह से मुस्तैद रहना होगा।
प्रदेश स्तर से निरंतर निगरानी के चलते अभी तक किसी भी जिले से अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। उच्चाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस बारावफात पर भी प्रदेशभर में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहेगा।

Check Also

केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 की दिशा में सशक्त कदम: रोहित अग्रवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार) रोहित अग्रवाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES