– Dy.C.M. अजित पवार ने फोन पर महिला IPS को धमकाया
– अठावले बोले- डिप्टी CM को पता नहीं था कि वो अधिकारी हैं
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजित पवार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे महिला आईपीएस अधिकारी अंजना कृष्णा से बहस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना 31 अगस्त को सोलापुर जिले के कुर्दु गांव की है। उस समय आईपीएस अंजना कृष्णा अवैध खनन रोकने के लिए मौके पर पहुंची थीं।
वीडियो में अंजना कृष्णा सिविल ड्रेस में मोबाइल फोन हाथ में लिए खड़ी नजर आती हैं और उनके आस-पास कुछ लोग मौजूद रहते हैं। इसी दौरान उनकी कॉल पर अजित पवार से बातचीत होती है। दावा किया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पवार ने अधिकारी को कार्रवाई रोकने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच बहस का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अजित पवार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक मजबूत नेता और अच्छे प्रशासक हैं। उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि उन्हें यह पता नहीं था कि सामने मौजूद महिला एक आईपीएस अधिकारी हैं। अठावले के अनुसार, पवार ने माना कि उनसे गलती हुई और उन्होंने जो किया वह सही नहीं था। यह मामला अब विपक्ष के लिए भी मुद्दा बन गया है और प्रदेश की राजनीति में गरमाहट ला रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
अजित पवार और IPS अंजना कृष्णा के बीच हुई बातचीत पढ़ें..
अजित पवार: उन्होंने रिक्वेस्ट की ना।
आईपीएस कृष्णा: हां, तो हमको उनको मदद करना ही है।
अजित पवार: सुनो… सुनो मैं डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित पवार बोल रहा हूं। मैं आपको आदेश देता हूं कि ये रुकवाओ, तहसीलदार के पास जाओ, उनको बोले कि अजित पवार ने यह सब रुकवाने के लिए कहा, क्योंकि अभी मुंबई का माहौल खराब हुआ है, उसे प्राथमिकता देना है। मेरा नंबर दो उनको।
आईपीएस कृष्णा: आप एक काम कीजिए, मेरे फोन पर डायरेक्ट कॉल कीजिए।
अजित पवार: एक मिनट… मैं तेरे पर एक्शन लूंगा। आप मुझे डॉयरेक्टर कॉल करने के लिए कहती हो।
आईपीएस कृष्णा: मुझे कैसे पता ये आपका नंबर है। जो आप बोल रहे हैं मैं समझ रही हूं, सर।
अजित पवार: तुझे मुझे देखना है ना, तेरा वॉट्सएप नंबर देता हूं, मुझे कॉल करो, मैं यहां से बोल देता हूं।
आईपीएस कृष्णा: ठीक है सर।
अजित पवार: मेरा चेहरा तो आपको समझ में आएगा ना, इतना आपको डैरिंग हुआ है क्या।
आईपीएस कृष्णा: मुझे कुछ पता नहीं है सर, मैं समझ रही हूं।
अजित पवार: आपका नंबर दे दो, मैं डायरेक्ट कॉल करता हूं।