वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/अयोध्या। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए समीक्षा बैठक की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह समेत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक अधिकारी और वीआरसी ऑपरेटर मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची में धुंधली, अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण फोटो को हटाकर मानकानुसार नई फोटो अपलोड की जाए तथा मकान संख्या सही तरीके से दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि नामों में त्रुटियां और दोहरी प्रविष्टियां तत्काल सुधारी जाएं। इसके लिए सभी बीएलओ को एक माह के भीतर फॉर्म-8 भरवाकर सुधार पूरा करने को कहा गया।
रिणवा ने बताया कि अयोध्या जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की मतदाता सूची में हिस्सेदारी मात्र एक प्रतिशत है, जबकि इसे चार से साढ़े चार प्रतिशत होना चाहिए। इसके लिए स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों तथा अधिकारियों के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने महिला मतदाताओं की संख्या लिंगानुपात के अनुरूप बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सभी ईआरओ को दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हीकरण फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता डेटाबेस में कराने के निर्देश दिए। इससे उन्हें सक्षम मोबाइल ऐप पर चुनाव के दौरान व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं मांगने में आसानी होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाता ही पंजीकृत होंगे, जिससे मतदान के दौरान भीड़ और लंबी कतारों से बचाव होगा। उन्होंने सभी मतदेय स्थलों पर पीने का साफ पानी, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और दिव्यांगजन हेतु रैम्प जैसी न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि 83 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वयोवृद्ध मतदाताओं का सत्यापन किया जाए ताकि 2027 के चुनाव में 85 वर्ष से ऊपर के मतदाताओं की सही संख्या का अनुमान लगाया जा सके। इसके अलावा सभी ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को गहन प्रशिक्षण देने तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के रिक्त पद एक सप्ताह में भरने के आदेश भी दिए।