Breaking News

भदोही का कालीन उद्योग बनेगा विश्व ब्रांड, मुख्यमंत्री योगी ने दिया नए युग का संदेश

– भदोही में योगी ने किया 49वें इंडिया कार्पेट एक्सपो का शुभारंभ
– कारीगर और हस्तशिल्पी हैं आत्मनिर्भर भारत की नींव : मुख्यमंत्री योगी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
भदोही। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही में 49वें इंडिया कार्पेट एक्सपो और चौथे अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परंपरागत हस्तशिल्पी और कारीगर भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भदोही का कालीन उद्योग प्रदेश ही नहीं, देश की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है और डबल इंजन सरकार इसके स्वर्णिम भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भदोही कार्पेट क्लस्टर को और सशक्त बनाने के लिए वाराणसी-मीरजापुर डेवलपमेंट रीजन के गठन का कार्य आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि यूएई और यूके के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से कालीन उद्योग को नए अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट, चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भदोही, मीरजापुर और वाराणसी के कालीन उद्योग को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री के प्रयास से भदोही में कार्पेट एक्सपो मार्ट की स्थापना हुई, जो स्थानीय कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का माध्यम बना है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में विदेशी खरीदारों की संख्या लगातार बढ़ी है, जिससे निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयां राज्य की आर्थिक शक्ति बन चुकी हैं, जिनसे दो करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। सरकार हर इकाई को पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा गारंटी और जीएसटी रिटर्न भरने वाले व्यापारियों को दस लाख रुपये का बीमा कवर दे रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ग्रेटर नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो के दौरान प्रदेश के उद्यमियों को 11,200 करोड़ रुपये के ऑर्डर प्राप्त हुए। अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लागू किए गए टैक्स रिफॉर्म ने व्यापार जगत को नई गति दी है। कच्चे माल पर जीएसटी को घटाकर पांच प्रतिशत किया गया है, जिससे कालीन उद्योग को राहत मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भदोही का कालीन उद्योग विश्व बाजार में नई पहचान बनाएगा। इस अवसर पर अनेक कार्पेट उद्यमी, व्यवसायी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES