Breaking News

लोकनायक जयप्रकाश नारायण जयंती पर रालोद ने लिया लोकहित और जनसंघर्ष का संकल्प

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल ने शनिवार को अपने प्रदेश कार्यालय लखनऊ में लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में डॉ. राय ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र की आत्मा थे। उन्होंने अन्याय, भ्रष्टाचार और सत्ता के अहंकार के खिलाफ आवाज़ उठाकर देश को नई दिशा दी। डॉ. राय ने कहा कि आज के दौर में जयप्रकाश जी के आदर्श पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं। रालोद का हर कार्यकर्ता उनके विचारों से प्रेरणा लेकर जनहित और किसानहित के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने यह सिखाया कि राजनीति सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का माध्यम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, युवाओं, व्यापारियों और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर खड़ा है। रालोद का हर कार्यकर्ता “लोकशक्ति ही राष्ट्रशक्ति” के सिद्धांत को अपनाते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षशील रहेगा। उन्होंने कहा कि आज जब शिक्षा, रोजगार और कृषि जैसे मुद्दे गंभीर होते जा रहे हैं, तब जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति की भावना को आत्मसात करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय, समान अवसर और पारदर्शी राजनीति के लिए काम करने का आह्वान किया।
रालोद के मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, प्रदेश महासचिव रजनीकांत मिश्रा, आर.पी. सिंह चौहान, तराई क्षेत्र अध्यक्ष पी.के. पाठक, प्रदेश सचिव विद्याकांत शर्मा, अजय सिंह, मनोहर, राजीव कुमार, विश्वनाथ सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि दी।

Check Also

4 मई से फिर आंधी और बारिश का दौर

– गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश से बदला मौसम, 40 किमी रफ्तार से चली आंधी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES