Breaking News

रेड रन मैराथन : स्वस्थ जीवन शैली और एड्स जागरूकता का संदेश

– रेड रन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में एक आंदोलन : रविंद्र कुमारIAS
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ | स्वस्थ जीवन शैली और एड्स के प्रति जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (यूपीएसएसीएस) और नेशनल पीजी कॉलेज लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “रेड रन मैराथन” का आयोजन किया गया। इस 10 किलोमीटर लंबी दौड़ में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन का शुभारंभ UPSACS के अपर परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार और नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डी.के. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत जोशपूर्ण ज़ुम्बा सत्र और बैंड प्रदर्शन से हुई। कार्यक्रम के दौरान UPSACS के संयुक्त निदेशक रमेश श्रीवास्तव, अनुज दीक्षित, पवन चंदेल और मोतीमहल सोसाइटी के सचिव राजेश सिंह भी उपस्थित रहे। आयोजन का समन्वय प्रोफेसर राकेश पाठक ने किया।
यह दौड़ नेशनल पीजी कॉलेज के खेल मैदान से शुरू होकर 1090 चौराहे तक गई और फिर कॉलेज परिसर में वापस आकर समाप्त हुई। कुल 10 किलोमीटर की यह परिक्रमा दो चरणों में पूरी की गई। आयोजन में लगभग 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 25 जनपदों से आए 100 छात्र-छात्राएं राज्य स्तर की श्रेणी में और लखनऊ के विभिन्न कॉलेजों से 500 छात्र-छात्राएं नगर स्तर की श्रेणी में शामिल हुए।
सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और भागीदारी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रत्येक श्रेणी के पहले दस प्रतिभागियों को पदक दिए गए, जबकि शीर्ष तीन विजेताओं को क्रमशः 11 हजार, 9 हजार और 7 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई।
राज्य स्तर की पुरुष श्रेणी में पुनीत प्रथम, रोहन कुमार द्वितीय और राहुल यादव तृतीय रहे, जबकि महिला श्रेणी में किरण वर्मा, प्रीति देवी और अर्चना यादव ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। नगर स्तर की पुरुष श्रेणी में पंकज यादव, प्रदीप कुमार और मंजीत कुमार तथा महिला श्रेणी में प्रतिज्ञा पन्ना, अनीमा और मंजू ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। प्राचार्य प्रोफेसर डी.के. सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की पहचान हैं। रविंद्र कुमार, आईएएस ने कहा कि रेड रन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में एक आंदोलन है।

Check Also

विराज सागर दास ने दी प्रदेशवासियों को नव संवत्सर और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश बैडमिंटन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES