Breaking News

लड़की की संदिग्ध मौत पर ऑनर किलिंग का आरोप

– शव निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने इस घटना को ऑनर किलिंग करार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मृतका का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया है कि बहराइच जिले के थाना मोतीनगर क्षेत्र के ग्राम अन्डाहन पुरवा परसोहना में रहने वाली 18 वर्षीय फरीन शनिया अपने मनपसंद युवक से विवाह करना चाहती थी। परिवार के विरोध के बावजूद जब उसने अपना निर्णय नहीं बदला तो उसके पिता कमाल खां ने 23 सितंबर की रात पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पत्र में कहा गया है कि अगले दिन 24 सितंबर की सुबह 10 बजे से पहले ही बिना किसी पुलिस सूचना या पोस्टमार्टम के जल्दबाजी में शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया। संगठन का कहना है कि इस तरह से आनन-फानन में दफनाने से यह संदेह और गहराता है कि युवती की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि एक योजनाबद्ध हत्या की गई। महासभा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाए, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की के पिता का आपराधिक इतिहास रहा है, और स्थानीय पुलिस शिकायत दर्ज होने के बावजूद मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। इस प्रकरण की शिकायत भारत नमन पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई, तो संगठन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा। महासभा ने कहा कि यह मामला केवल एक लड़की की मौत का नहीं, बल्कि न्याय और महिला अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा प्रश्न है।

Check Also

आतिथ्य से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम,ए मकेआईटीएम में होम-स्टे संचालकों को मिला आधुनिक प्रशिक्षण

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES