Breaking News

दिल्ली दवा खरीद घोटाले में ACB का बड़ा शिकंजा, Ex. DGHS प्रमुख समेत दो गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। दिल्ली के चर्चित दवा खरीद घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व डीजीएचएस प्रमुख डॉ. वत्सला अग्रवाल और डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स नीरज चोपड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है। शनिवार देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है।
एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई पहले से गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार रंगा से पूछताछ के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर की गई। रंगा फिलहाल चार दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि नई गिरफ्तारियों से कथित खरीद घोटाले में शामिल पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी के माध्यम से अस्पतालों के लिए पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, बेडशीट, एनेस्थीसिया उपकरण, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की खरीद कथित रूप से बाजार मूल्य से अधिक दरों पर की गई। आरोप है कि कुछ चुनिंदा आपूर्तिकर्ताओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर की शर्तें इस प्रकार तैयार की गईं कि अन्य पात्र कंपनियां प्रक्रिया से बाहर हो गईं।
डायरेक्टरेट ऑफ विजिलेंस की रिपोर्ट के आधार पर दो जून को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद डॉ. वत्सला अग्रवाल को डीजीएचएस पद से हटाकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया और बाद में उन्हें निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच में दवा खरीद और स्टॉक प्रबंधन में अनियमितताएं मिलने पर पांच फार्मासिस्टों सहित सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी के दो अधिकारियों को भी निलंबित किया गया था।
एसीबी ने कहा कि मामले की जांच जारी है। खरीद से जुड़े दस्तावेज, टेंडर रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। साथ ही अन्य अधिकारियों और निजी आपूर्तिकर्ताओं की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Check Also

केशव मौर्य-चिराग पासवान मुलाकात, खाद्य प्रसंस्करण से यूपी की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES