Breaking News

गरजे सीएम योगी, बोले- अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा, मथुरा पर बोलने की अखिलेश में हिम्मत नहीं

– हाथरस की हींग और गुड़ दिला रहे नई पहचान, विकास को मिलेगी और रफ्तार
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी, कांग्रेस तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करने वालों को पहले अपने अतीत पर पश्चाताप करना चाहिए, क्योंकि रामभक्तों पर गोली चलाने वाली सरकार उनकी ही थी। उन्होंने कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने सजा-संवार दिया है और यदि हिम्मत है तो मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी खुलकर अपनी राय रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास प्रदेश के विकास, अयोध्या और मथुरा को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष तुष्टीकरण की राजनीति करता है और इसी कारण महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर बोलने से बचता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और गुंडागर्दी के लिए बदनाम था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश दंगामुक्त, माफिया मुक्त और निवेश के लिए सबसे सुरक्षित राज्यों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने हाल में निकले लगभग 12 हजार मोहर्रम जुलूसों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने शांति और सौहार्द के साथ सभी धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का घर या सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी।
योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग सेंटर, उन्नत बीज और कृषि अनुसंधान संस्थानों की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में आपातकाल लगाकर संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर अपने राजनीतिक मूल्यों से समझौता कर रही है।

Check Also

अम्बेडकरनगर को 706 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री बोले- विकास का मॉडल बन रहा जिला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अम्बेडकरनगर में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES