वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन जनसेवा, न्यायप्रिय शासन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की अमर प्रेरणा है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण पहुंचाने का संदेश दिया, जिसे वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है। वह रविवार को गाजियाबाद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने लोनी बॉर्डर बस डिपो के निकट विधायक निधि योजना से बनने वाले लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मृति द्वार का शिलान्यास किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने आदर्श शासन, न्यायपूर्ण व्यवस्था और जनकल्याणकारी कार्यों से इतिहास में अमिट पहचान बनाई। उन्होंने देशभर के अनेक धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लंबे समय तक उनके योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महापुरुषों और महान विभूतियों के योगदान को उचित सम्मान दिलाने का कार्य किया गया। उनकी 300वीं जयंती पूरे देश में श्रद्धा और गौरव के साथ मनाई गई।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है। उनके आदर्श नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सरकार उन्हीं मूल्यों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम में उन्होंने विधायक नंद किशोर गुर्जर की क्षेत्र में विकास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की भी सराहना की। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक नंद किशोर गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, ब्लॉक प्रमुख कोमल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।