– 39.62 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, छात्रों को एआई, रोबोटिक्स और साइबर सुरक्षा की मिलेगी जानकारी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
आगरा/लखनऊ। लखनऊ और गोरखपुर के बाद अब ताज नगरी आगरा में भी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त साइंस पार्क और नक्षत्रशाला की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और केंद्रीय राज्य मंत्री (सांसद) प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं हवन के साथ 39.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क की नींव रखी गई।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि आगरा का साइंस पार्क प्रदेश का तीसरा उच्च सुविधा युक्त पार्क होगा, जहाँ छात्र-छात्राएँ और आमजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक साइंस और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक तकनीकों से रूबरू होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विज़न के अनुरूप अब प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर साइंस पार्क स्थापित किए जाएंगे। पार्क में इंडियन साइंस हेरिटेज गैलरी, फन विद साइंस गैलरी, गणित, चिकित्सा और इंजीनियरिंग में भारत की विरासत प्रदर्शनियां भी होंगी, जो NCERT और CBSE पाठ्यक्रम पर आधारित होंगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस परियोजना की रूपरेखा उनके कार्यकाल में तैयार हुई थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी के बाद इसे कैबिनेट से पारित कराया गया। उन्होंने कहा कि यह पार्क आधुनिक शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। जल्द ही आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक भी स्थापित किया जाएगा, जो धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि नक्षत्रशाला छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर देगी और इससे शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे आगरा की युवा पीढ़ी के लिए “विज्ञान का मील का पत्थर” बताया। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।