वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने और सूचना का अधिकार विभाग के प्रदेश चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों नेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और विभाग की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरटीआई विभाग को बधाई देते हुए कहा कि मुश्किल दौर में कार्यकर्ताओं ने सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर लोकतंत्र की रक्षा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, किसान, छात्र और महिलाओं की आवाज बुलंद कर रहे हैं और हम सभी का कर्तव्य है कि उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हों।
विभाग के चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आरटीआई विभाग ने पांच वर्षों में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए जो कार्य किया है, वह सराहनीय है। मंडल स्तर पर कार्यशालाओं के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाई गई और आरटीआई के जरिए भ्रष्टाचार उजागर किया गया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता द्विजेंद्र त्रिपाठी, वीरेन्द्र मदान, बृजेन्द्र सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधन किया। वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता आने वाले समय में उन्हें सबक सिखाएगी।
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और कांग्रेस की एकजुटता एवं संघर्षशीलता का संदेश दिया।