– अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने की संभावना
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने परिषद के फैसलों के असर को भारत की अर्थव्यवस्था और बाज़ार पर पड़ने वाले प्रभाव से जोड़ा।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने जीएसटी परिषद द्वारा 5% और 18% के दो स्लैब तय किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जनता की जेब पर बोझ कम होगा और क्रय क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जनता की बढ़ी हुई क्रय शक्ति से देश में उत्पादों की मांग बढ़ेगी, जिससे एमएसएमई सेक्टर और उद्योगों को मजबूती मिलेगी। गुप्ता ने सरकार से ई-कॉमर्स और रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि पारंपरिक व्यापारियों को विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों के दबाव से बचाना होगा।
उन्होंने सीमेंट पर टैक्स स्लैब घटाकर 28% से 18% किए जाने को रियल एस्टेट और उससे जुड़े उद्योगों के लिए दूरगामी लाभकारी बताया। साथ ही व्यक्तिगत जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी 0% करने के निर्णय को जनता के लिए राहतकारी बताया।
बैठक में नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ने जीएसटी की जटिलताओं को सरल बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश मिश्रा ने पेंट उद्योग पर टैक्स कम करने की बात कही, जबकि ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे ने जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी हटाने का स्वागत किया।
अंत में संजय गुप्ता ने कहा कि परिषद के ये निर्णय भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे और एमएसएमई सेक्टर को आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर करेंगे।