वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर देश-दुनिया को सत्य के मार्ग पर चलने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उनकी रचना ने भगवान श्रीराम की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन को प्रस्तुत कर सामाजिक जीवन के मूल्यों और आदर्शों को स्थायी आधार प्रदान किया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय हैं। भगवान श्रीराम का जीवन हमें धर्म का अनुसरण करने, सदाचार अपनाने और अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में समरसता और समानता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनका साहित्य आज भी मानवता को सत्य, नैतिकता और सद्भाव का मार्ग दिखाता है।