वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चेन्नई से पहुंची श्रद्धालु एस. नाग लक्ष्मी के दान की चर्चा है। उन्होंने रामलला के लिए 10 हजार रुपये का दान किया, जबकि मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में वृद्धि के उद्देश्य से चार करोड़ रुपये का चेक समर्पित किया। श्रद्धालु ने इच्छा जताई कि इस राशि का उपयोग मंदिर में सेवा दे रहे कर्मचारियों के हित में किया जाए।
रामलला के लिए सामान्य दान के साथ कर्मचारियों के लिए इतनी बड़ी धनराशि का चेक दिए जाने का मामला सामने आने के बाद इसकी चर्चा तेज हो गई है। श्रद्धालु की ओर से चार करोड़ रुपये के चेक की रसीद भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, चेक की वास्तविक भुगतान स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि जिस खाते से चार करोड़ रुपये का चेक जारी किया गया है, उसमें भुगतान के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बैंक में चेक प्रस्तुत होने के बाद उसकी जांच और क्लियरिंग की प्रक्रिया पूरी होती है। ऐसे में चार करोड़ रुपये की राशि का वास्तविक भुगतान बैंक की क्लियरिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
श्रद्धालु की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उनकी मंशा मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में सुधार की है। मंदिर की सेवा में जुटे कर्मचारियों के हित को लेकर इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल चार करोड़ रुपये के चेक को लेकर स्थिति बैंकिंग प्रक्रिया पर निर्भर है। यदि चेक क्लियर होता है तो मंदिर कर्मचारियों के हित में बड़ी धनराशि उपलब्ध होगी। वहीं भुगतान नहीं होने की स्थिति में दान की वास्तविकता और राशि को लेकर तस्वीर अलग होगी। फिलहाल सभी की नजर चेक की क्लियरिंग और भुगतान की स्थिति पर है।