Breaking News

टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुराने नियमों से पात्र अभ्यर्थियों को मिले एक मौका : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर यूपी टीजीटी एवं पीजीटी 2026 भर्ती में पूर्व प्रचलित नियमावली के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को एक अवसर देने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को इस संबंध में अविलंब सकारात्मक निर्णय लेने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
अजय राय ने पत्र में कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रस्तावित टीजीटी एवं पीजीटी 2026 भर्ती में 23,123 पदों पर नियुक्ति होनी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पूर्व में लागू नियमावली के अनुरूप अपनी शैक्षिक योग्यता अर्जित की है और लंबे समय से भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले पात्रता और शैक्षिक योग्यता संबंधी शर्तों में बदलाव होने से इनमें से कई अभ्यर्थियों के वर्तमान भर्ती में अपात्र होने की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग केवल पुरानी व्यवस्था जारी रखने तक सीमित नहीं है। उन्होंने तत्कालीन नियमावली और पात्रता शर्तों के आधार पर अपनी योग्यता हासिल की तथा उसी अनुरूप परीक्षा की तैयारी की। ऐसे में नियमों में बाद में किए गए बदलाव के कारण उनका भर्ती में शामिल होने का अवसर प्रभावित होना स्वाभाविक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विशेषकर वे अभ्यर्थी, जिनके लिए नई योग्यता हासिल करने में अतिरिक्त समय लगेगा और जो आयु सीमा अथवा अन्य कारणों से अगली भर्ती की प्रतीक्षा नहीं कर सकते, उनके सामने रोजगार का अवसर प्रभावित होने का संकट है। ऐसे में पूर्व नियमों के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को वर्तमान भर्ती में एक अवसर देना न्यायसंगत और संतुलित कदम होगा। अजय राय ने मुख्यमंत्री से इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभाग और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को विधिक एवं प्रशासनिक रूप से संभव व्यवस्था के तहत पूर्व प्रचलित नियमावली के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को टीजीटी-पीजीटी 2026 भर्ती में शामिल करने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने के निर्देश देने की मांग की है।

Check Also

बाढ़ राहत कैंप में एक्सपायर्ड सीरप बांटने का आरोप तथ्यहीन, सीएमओ ने किया खंडन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार कानपुर। बाढ़ पीड़ितों को एक्सपायर्ड सीरप बांटे जाने के आरोपों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES