वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
भोपाल। खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों से कथित ठगी करने के मामले में घिरी तृप्ति सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बागसेवनिया पुलिस ने उसके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की है। इस बार मध्य प्रदेश टूरिज्म (MPT) में होटल लीज दिलाने के नाम पर करीब 49 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। मामले में तृप्ति सिंह के साथ उसके भाई सुधांशु सिंह और साथी प्रखर को भी आरोपित बनाया गया है।
अशोकनगर में पहले से दर्ज मामलों के बाद यह तृप्ति सिंह के खिलाफ चौथी FIR बताई जा रही है। नए मामले की जांच बागसेवनिया पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस अब तृप्ति से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने की तैयारी में है।
बताया गया है कि तृप्ति फिलहाल अशोकनगर में दर्ज मामलों को लेकर पुलिस की कार्रवाई का सामना कर रही है। ऐसे में बागसेवनिया पुलिस उसे अपने मामले में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पुलिस टीम अशोकनगर रवाना हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल लीज दिलाने के नाम पर कथित तौर पर रकम किस तरह ली गई और इसमें आरोपितों की क्या भूमिका रही। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि कथित ठगी से जुड़ी रकम का लेनदेन कैसे हुआ और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
तृप्ति सिंह पर खुद को IAS अधिकारी बताकर प्रभाव जमाने और लोगों को सरकारी स्तर पर काम कराने का भरोसा देकर ठगी करने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। लगातार सामने आ रही शिकायतों और नई FIR के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। अब बागसेवनिया पुलिस की पूछताछ में होटल लीज के नाम पर कथित 49 लाख रुपये की ठगी से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।