वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से राजकीय डिग्री कॉलेज (GDC) मुख्य परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार से राजधानी में शुरू हो गया। परीक्षा एक अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हुई।
अपर जिलाधिकारी ज्योति गौतम के मुताबिक जीडीसी मुख्य परीक्षा-2025 का आयोजन 19 जून 2024 के शासनादेश के तहत कराया जा रहा है। परीक्षा के लिए लखनऊ में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग लखनऊ परीक्षा भवन समेत चार कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 50 प्रतिशत वाह्य सह-केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा 15, 16, 17, 18, 22, 23, 24, 25, 28, 29 और 30 सितंबर तथा एक अक्टूबर को आयोजित होगी। रविवार को हुई परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पहले दिन किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।परीक्षा में शामिल और अनुपस्थित रहे परीक्षार्थियों का ब्योरा बाद में जारी किया जाएगा। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी परीक्षा तिथियों में भी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।