Breaking News

विश्व ग्लूकोमा सप्ताह आज से, नि:शुल्क नेत्र जांच के साथ जागरूकता अभियान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विश्व ग्लूकोमा सप्ताह इस वर्ष 8 से 14 मार्च तक मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्लूकोमा यानी काला मोतिया के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना, समय पर इसकी पहचान को बढ़ावा देना और अंधत्व की रोकथाम के लिए नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व को समझाना है। विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लूकोमा धीरे-धीरे दृष्टि को नुकसान पहुंचाने वाली गंभीर बीमारी है, जिसके शुरुआती चरणों में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते।

अवध ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि ग्लूकोमा स्थायी अंधत्व का एक प्रमुख कारण है। चूंकि इसके शुरुआती लक्षण सामान्यतः महसूस नहीं होते, इसलिए इसे “दृष्टि का मौन चोर” भी कहा जाता है। उन्होंने बताया कि ग्लूकोमा से खोई हुई दृष्टि वापस नहीं लाई जा सकती, लेकिन समय पर जांच और उचित उपचार से आगे होने वाली दृष्टि हानि को रोका जा सकता है। लखनऊ आईएमए की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को नियमित रूप से आंखों की जांच करानी चाहिए। जिन लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप या परिवार में ग्लूकोमा का इतिहास है, उनमें इस बीमारी का खतरा अधिक रहता है, इसलिए उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। लखनऊ अवध ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि ग्लूकोमा की जांच सरल और बिना दर्द के होती है। समय पर पहचान और उपचार से दृष्टि को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी और आईएमए लखनऊ की ओर से विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के दौरान विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत 8 से 14 मार्च 2026 के बीच समाचार-पत्र की इस कटिंग को लखनऊ के किसी भी गैर-सरकारी नेत्र अस्पताल या क्लिनिक में दिखाकर नि:शुल्क आईओपी यानी आंख के दबाव की जांच और ऑप्टिक डिस्क का परीक्षण कराया जा सकता है। आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए सभी को जागरूकता अभियान में भाग लेने की अपील की है।

Check Also

नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी छेदी लाल गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। थाना महानगर पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES