Breaking News

लखनऊ में उद्यमी महिला सम्मान समारोह

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से लगन उद्यमी महिला फाउंडेशन की ओर से लखनऊ में “उद्यमी महिला सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली उद्यमी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के जय मल्हार लॉन, न्यू एरा यूनिवर्सिटी के पास लोलाई में रविवार शाम 7 बजे किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डिंपल यादव शामिल होंगी और चयनित उद्यमी महिलाओं को सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम में शहर की कई सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी भी रहेगी। आयोजन की अध्यक्षता लगन उद्यमी महिला फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा यादव कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच प्रदान करना है, जिन्होंने अपने परिश्रम, नवाचार और दृढ़ संकल्प से उद्यमिता के क्षेत्र में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिलाएं व्यापार, स्टार्टअप, हस्तशिल्प, सेवा क्षेत्र और सामाजिक उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

प्रतिभा यादव ने बताया कि समारोह के दौरान चयनित महिलाओं को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में उद्यमिता से जुड़े अनुभवों को साझा करने का भी अवसर मिलेगा, जिससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि लगन उद्यमी महिला फाउंडेशन का प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाए और उनके कार्यों को समाज के सामने लाकर उन्हें नई पहचान दिलाई जाए। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

Check Also

अपने दैनिक जीवन में योग और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाएं : डॉ. सृष्टि दीक्षित

– प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर हम अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करें …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES