वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने देशभर में 1,244 होली विशेष रेल यात्राएं संचालित करने का निर्णय लिया है। ये विशेष ट्रेनें 25 फरवरी से 18 मार्च 2026 के बीच विभिन्न रेल-क्षेत्रों में चलाई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाकर 1,500 तक की जा सकती है। रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना तथा नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना है।
सबसे अधिक 275 रेल यात्राएं पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संचालित की जाएंगी, जो बिहार और झारखंड को दिल्ली, मुंबई व दक्षिण भारत से जोड़ेंगी। इसके बाद उत्तर रेलवे 204 होली विशेष रेल यात्राओं का परिचालन करेगा, जिससे दिल्ली क्षेत्र का संपर्क उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पंजाब से मजबूत होगा।
इन विशेष ट्रेनों से मुंबई, पुणे, नागपुर, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पटना, दरभंगा, गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और आनंद विहार टर्मिनल जैसे प्रमुख शहरों के बीच अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। दक्षिण, पश्चिम, पूर्वोत्तर और मध्य भारत से उत्तर भारत की ओर बड़ी संख्या में विशेष सेवाएं चलाई जा रही हैं, जिससे प्रवासी यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अतिरिक्त कोच, आरक्षित सीटों की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। बड़े पैमाने पर विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और समय पर गंतव्य तक पहुंचना आसान होगा। रेलवे ने यात्रियों से अग्रिम आरक्षण कराने और अधिकृत पोर्टल के माध्यम से टिकट बुक करने की अपील की है।