Breaking News

सीएसआईआर–एनबीआरआई में गुलाब व ग्लैडियोलस प्रदर्शनी का शुभारम्भ, दुर्लभ पुष्प किस्में बनीं आकर्षण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) के वनस्पति उद्यान स्थित केंद्रीय लॉन में दो दिवसीय गुलाब एवं ग्लैडियोलस प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार जोशी ने किया। इस अवसर पर सीएसआईआर–सीडीआरआई, लखनऊ की निदेशिका डॉ. राधा रंगराजन और एनबीआरआई के निदेशक डॉ. अजित कुमार शासनी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी के संयोजक डॉ. के. जे. सिंह ने बताया कि गुलाब एवं ग्लैडियोलस प्रदर्शनी में कुल आठ वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इनमें कट फ्लॉवर, स्पेसिमन ब्लूम्स, पुष्प सज्जा, गमले में लगे पौधे और फोटोग्राफी प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में सरकारी एवं अर्ध-सरकारी संस्थानों, नर्सरियों, व्यक्तिगत उत्पादकों, महिलाओं, मालियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी में हाइब्रिड टी, फ्लोरिबुंडा, पोलिएन्था, मिनिएचर गुलाब तथा ग्लैडियोलस की आकर्षक और दुर्लभ किस्में दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
प्रदर्शनी की विभिन्न श्रेणियों में कुल 73 प्रदर्शकों से 510 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। प्रतियोगिताओं में प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि समग्र उत्कृष्टता के लिए निदेशक ट्रॉफी और महानिदेशक ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। प्रदर्शनी के शुभारम्भ से पूर्व विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा पुरस्कारों के लिए निर्णय लिया गया। सर्वश्रेष्ठ एचटी लाल, दुरंगा, धारीदार, गुलाबी, पीले, सफेद, नारंगी और लैवेंडर-मॉव गुलाब सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को श्रेष्ठ घोषित किया गया, वहीं सर्वश्रेष्ठ ग्लैडियोलस स्पाइक का पुरस्कार भी घोषित किया गया।
प्रदर्शनी में सीएसआईआर–एनबीआरआई द्वारा विकसित हर्बल उत्पादों, सूक्ष्मजैविक प्रौद्योगिकी, बोन्साई, संकटग्रस्त और कैक्टस पौधों की जानकारी भी आमजन के लिए उपलब्ध कराई गई है। ‘पौधे एवं प्रदूषण’ विषय पर एक जागरूकता कार्नर भी लगाया गया है, जहां पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण प्रबंधन में पौधों की भूमिका पर जानकारी दी जा रही है।

Check Also

स्वास्थ्य से खेती तक माइक्रोबायोम तकनीक का सहारा लेगी योगी सरकार, तैयार हुआ प्लान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, नदियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *