Breaking News

2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, मथुरा की बैठक में संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मथुरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मथुरा के परखम गांव में 16 और 17 नवंबर को आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक में संगठन की मजबूती से लेकर चुनावी एजेंडे तक पर व्यापक मंथन हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत पार्टी के 54 वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और अब तक भाजपा से दूर रहे सामाजिक वर्गों के बीच पैठ बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। पहले दिन की बैठक देर रात करीब 11 बजे तक चली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से परखम गांव पहुंचे। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी समेत पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। सभी वरिष्ठ नेताओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी मथुरा में की गई थी।
बैठक के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रहा। बैठक से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंदिर निर्माण की पैरवी करते हुए कहा था कि न्यायिक प्रक्रिया अथवा आपसी सहमति से मंदिर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी कारसेवा का आमंत्रण दिया था। बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि भाजपा 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रदेश में भाजपा के पक्ष में 60 फीसदी वोट होने का दावा भी किया। उनका कहना था कि सरकार ने कानून-व्यवस्था सुधारने और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने की दिशा में काम किया है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं और नए सामाजिक वर्गों को जोड़ने पर चर्चा हुई। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में इस विषय पर कोई खास चर्चा नहीं हुई। इस तरह मथुरा की बैठक में भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों को प्राथमिकता दी।

Check Also

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से बदलेगी गांवों की तस्वीर, किसानों को मिलेगा बेहतर दाम : केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *