वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कर्मचारी कल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुए चार रेलकर्मियों के आश्रित बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की। वहीं, 56 महिला रेलकर्मियों को थर्मल बोतल वितरित की गईं। मंगलवार को गोरखपुर स्थित रेलवे ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
कर्मचारी हित निधि के तहत तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे चार रेलकर्मियों के आश्रित बच्चों को 18-18 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इस तरह कुल 72 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसका उद्देश्य बच्चों को तकनीकी शिक्षा जारी रखने में सहयोग देना है। वहीं, महिला सशक्तिकरण योजना के तहत गोरखपुर क्षेत्र में कार्यरत ग्रुप-डी और रनिंग कैटेगरी की 56 महिला रेलकर्मियों को उपहार स्वरूप थर्मल बोतल दी गईं। इससे पहले लखनऊ में 57 महिला रेलकर्मियों को ये बोतलें वितरित की जा चुकी हैं। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों में अब तक 113 महिला रेलकर्मी लाभान्वित हुई हैं।
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने छात्रवृत्ति पाने वाले बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। महिला कर्मचारियों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष दुबे, उपाध्यक्ष शिवेंद्र पांडेय सहित संगठन के पदाधिकारी और महिला रेलकर्मी मौजूद रहीं। है।