Breaking News

हर बूथ पर कांग्रेस बनाएगी ‘वोट रक्षक’, मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने की तैयारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
झांसी। कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैयार करेगी। इनकी जिम्मेदारी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने से बचाने और अपात्र लोगों के नाम शामिल होने से रोकने की होगी। यह घोषणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को झांसी में ‘लोक हुंकार जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान की।
पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान शुरू किया है। झांसी के कार्यकर्ता सम्मेलन में बूथ स्तर पर वोट रक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि मतदाता सूची की निगरानी की जा सके। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी विधानसभा और तहसील मुख्यालयों पर मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद महात्मा गांधी या बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान की शपथ ली जाएगी। गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा आस्था को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है, जबकि कांग्रेस सभी धर्मों की आस्था का सम्मान करते हुए विकास की राजनीति करती है। जनता भाजपा की इस राजनीति को समझ चुकी है और उसे माफ नहीं करेगी।

Check Also

परिषदीय स्कूलों की 26 कसौटियों पर परखी गई योजनाओं की प्रगति

– 30 नवंबर को फिर होगी समीक्षा वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *