वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज डिफेन्स इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लखनऊ नोड में निर्मित स्वदेशी ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल के पहले बैच का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मिसाइल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और परिसर में रुद्राक्ष का पौधरोपण भी किया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और रक्षा दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस केवल सेनाओं की शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यह संदेश भी देता है कि उत्तर प्रदेश किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक मिसाइल की लॉन्चिंग भारत की आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ अब केवल तहजीब का शहर नहीं, बल्कि तकनीक और रक्षा निर्माण का केंद्र बन चुका है, जहां रोजगार और समृद्धि दोनों बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड संकल्प को साकार करते हुए आज लखनऊ में स्वदेशी तकनीक से बनी सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के छह नोड—लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट—में रक्षा निर्माण कॉरिडोर के कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं, जिससे 15,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्मोस यूनिट से राज्य को 40 करोड़ रुपये का जीएसटी प्राप्त हुआ है और भविष्य में प्रतिवर्ष डेढ़ से दो सौ करोड़ रुपये तक राजस्व की संभावना है। उन्होंने बताया कि झांसी में 56,000 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जबकि आईआईटी कानपुर और बीएचयू में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।