– उ0प्र0 देश को पहली नाइट सफारी का उपहार देगा, निर्माण कार्य हर हाल में जून, 2026 तक पूरा किया जाए: मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसम्बर, 2026 में उत्तर प्रदेश देश को पहला नाइट सफारी का उपहार देगा। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बनने जा रही यह नाइट सफारी देश और दुनिया के प्रकृति प्रेमियों के लिए एक नया गन्तव्य होगा। यह दुनिया की पांचवीं नाइट सफारी होगी।
मुख्यमंत्री के समक्ष आज यहां उनके सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रस्तावित कुकरैल नाइट सफारी पार्क एवं जू का प्रस्तुतिकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य हर हाल में जून, 2026 तक पूरा कर लिया जाए। नाइट सफारी व जू के लिए वन्य जीवों को लाने की समुचित व्यवस्था प्रारम्भ कर दी जाए। नाइट सफारी व जू की इकोनॉमी के लिए सस्टेनेबल मॉडल विकसित किया जाए। 72 प्रतिशत एरिया में ग्रीनरी विकसित की जाए और यहां सौर ऊर्जा के प्रकल्पों को भी स्थान दिया जाए। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को दिसम्बर, 2026 में देश को पहली नाइट सफारी का उपहार मिल जाए। नाइट व डे सफारी का निर्माण चरणबद्ध रूप से होगा। लखनऊ में यह लगभग 900 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली होगी। नाइट सफारी के 72 प्रतिशत एरिया को ग्रीनरी में विकसित किया जाए।