वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब अस्पतालों की संख्या बढ़ाने के साथ इलाज की गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया जाएगा। योगी सरकार जल्द ही प्रदेशभर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरने वाले अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा। वहीं, पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों को भी नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) प्रमाणन हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रदेश में कई अस्पताल राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अभी तक आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों की पहचान कर उन्हें योजना से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मौजूदा सूचीबद्ध अस्पतालों की चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था में सुधार के लिए भी प्रयास होंगे। अस्पताल प्रबंधन को एनएबीएच प्रमाणन की प्रक्रिया, राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों और जरूरी सुधारों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अस्पतालों को बताया जाएगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल अस्पतालों और बेड की संख्या बढ़ाने से संभव नहीं है। मरीजों को सुरक्षित और भरोसेमंद उपचार मिलना भी उतना ही जरूरी है। ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ के जरिए योजना से जुड़े अस्पतालों में गुणवत्ता सुधार की नियमित व्यवस्था विकसित करने और लाभार्थियों को बेहतर इलाज के अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की तैयारी है।