Breaking News

चिकनकारी और ज़री-जरदोज़ी कारीगरों को मिलेगा प्रशिक्षण व टूलकिट, 31 जुलाई तक करें आवेदन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत चिकनकारी एवं ज़री-जरदोज़ी से जुड़े कारीगरों और इस क्षेत्र में रोजगार की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं आधुनिक टूलकिट प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया गया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र ने 31 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
उपायुक्त उद्योग अभिजीत गौतम ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना का उद्देश्य जनपद के चिन्हित उत्पादों से जुड़े कारीगरों और श्रमिकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। योजना के तहत बेसिक और एडवांस प्रशिक्षण देकर उत्पादों की पूरी मूल्य श्रृंखला के लिए कुशल कार्यबल तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र लाभार्थियों को उन्नत टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने बताया कि लखनऊ जनपद के ओडीओपी उत्पाद चिकनकारी एवं ज़री-जरदोज़ी से जुड़े हस्तशिल्पी कारीगरों के साथ-साथ इच्छुक युवक और युवतियां विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
अभिजीत गौतम ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ओडीओपी की ओर से विकसित ‘उद्यम सारथी’ मोबाइल एप डाउनलोड कर भी योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, 8 कैंट रोड, कैसरबाग, लखनऊ स्थित कार्यालय में संपर्क कर आवेदन और योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी हासिल की जा सकती है। विभाग ने अधिक से अधिक पात्र कारीगरों और युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Check Also

काशी-प्रयाग-अयोध्या एक साथ, UPSTDC का स्पिरिचुअल ट्रायंगल टूर देगा पांच दिन में तीर्थ दर्शन का मौका

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES