वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग के प्रोफेसर डॉ. कमलेश्वर सिंह को इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी (आईपीएस) की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा का मानद सचिव चुना गया है। उनका निर्वाचन मथुरा स्थित के.डी. डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित चौथे आईपीएस उत्तर प्रदेश राज्य सम्मेलन के दौरान हुई वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में किया गया।
केजीएमयू की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने डॉ. कमलेश्वर सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल और प्रभावी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सोसायटी उत्तर प्रदेश में प्रोस्थोडॉन्टिक्स के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
सम्मेलन के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी समिति के सदस्यों ने भी औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। नई कार्यकारिणी ने शिक्षा, अनुसंधान, नैदानिक अभ्यास तथा सतत व्यावसायिक विकास के माध्यम से प्रोस्थोडॉन्टिक्स की विशेषज्ञता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यकारी समिति ने बताया कि आगामी कार्यकाल में वैज्ञानिक सम्मेलन, सतत दंत शिक्षा (सीडीई) कार्यक्रम, व्यावहारिक कार्यशालाएं तथा सामुदायिक जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के बीच अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देना तथा बेहतर मौखिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना रहेगा। सोसायटी की नवगठित कार्यकारिणी ने सभी सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन सामूहिक प्रयासों के माध्यम से प्रोस्थोडॉन्टिक्स की विशेषज्ञता को और सशक्त बनाने तथा सोसायटी के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने की दिशा में कार्य करेगा। डॉ. कमलेश्वर सिंह के निर्वाचन को प्रदेश के दंत चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पदाधिकारी :
अध्यक्ष: डॉ. रघुवर दयाल सिंह
निर्वाचित अध्यक्ष: डॉ. कौशिक कुमार पांडे
निवर्तमान अध्यक्ष: डॉ. पंकज प्रकाश खराडे
मानद सचिव: डॉ. कमलेशवर सिंह
कोषाध्यक्ष: डॉ. कौशल किशोर अग्रवाल
संपादक: डॉ. अंशुमन चतुर्वेदी
कार्यकारी समिति :
डॉ. रामाशंकर
डॉ. लव भाटिया
डॉ. प्रांजलि दत्त
डॉ. संजय शर्मा
डॉ. बलेंद्र प्रताप सिंह
डॉ. सुनीत कुमार जुरेल