वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह मनोनयन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी द्वारा किया गया।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि संगठन में जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा, लगन और कार्यकुशलता के आधार पर सौंपी जाती हैं।
मयंक त्रिवेदी के अनुसार अनुपम मिश्रा लंबे समय से राष्ट्रीय लोकदल की केंद्रीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता, टीम आरएलडी के राष्ट्रीय संयोजक, झारखंड प्रभारी सहित कई अहम दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। इसके अलावा युवाओं को राजनीति से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘सारथी’ कार्यक्रम के संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुपम मिश्रा की संगठनात्मक क्षमता, रणनीतिक सोच और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दक्षता उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार और मजबूती में अहम भूमिका निभाएगी। रालोद ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को और गति देगी तथा प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
अनुपम मिश्रा के मनोनयन पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, संसदीय दल के अध्यक्ष के.सी. त्यागी, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान एवं चंदन चौहान, विधायक अजय कुमार, प्रसन्न चौधरी, मिथिलेश पाल, मदन भैया, गुलाम मोहम्मद, प्रदीप चौधरी तथा योगेश नौहवार ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।