Breaking News

SGFI और वेक्टर एक्स के बीच उपकरण साझेदारी समझौता

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) और सॉकर इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (वेक्टर X) के बीच उपकरण एवं बॉल पार्टनर के रूप में साझेदारी का समझौता हुआ। यह करार लखनऊ स्थित फॉर्च्यून पार्क बीबीडी में एसजीएफआई अध्यक्ष दीपक कुमार (IAS) और वेक्टर एक्स के प्रबंध निदेशक विकास गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस समझौते के तहत वेक्टर एक्स आगामी दो वर्षों के लिए एसजीएफआई की सभी राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं का आधिकारिक उपकरण एवं बॉल पार्टनर रहेगा। फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल और बास्केटबॉल के लिए उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि डनलप टेनिस और स्क्वैश खेलों में आधिकारिक बॉल पार्टनर रहेगा।
एसजीएफआई अध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि संगठन प्रतिवर्ष 44 खेलों में 256 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, जिनमें तीन आयु वर्ग—अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19—के लगभग 60,000 खिलाड़ी भाग लेते हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य स्कूली एथलीटों को विश्वस्तरीय खेल उपकरण और प्रतियोगी अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में सात राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनकी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। वेक्टर एक्स के प्रबंध निदेशक विकास गुप्ता ने कहा कि एसजीएफआई भारत का सबसे बड़ा स्कूल खेल महासंघ है और वेक्टर एक्स का लक्ष्य जमीनी स्तर पर युवा खिलाड़ियों को सशक्त बनाना है। यह साझेदारी भारतीय स्कूली खिलाड़ियों को भविष्य के चैंपियन बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
अध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में जनवरी 2023 से एसजीएफआई को एक पारदर्शी, डिजिटल और एथलीट-केंद्रित संस्था के रूप में विकसित किया गया है। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय से आधिकारिक मान्यता प्राप्त करने के बाद संगठन ने 45 संबद्ध इकाइयों के साथ कार्य प्रारंभ किया है। एसजीएफआई देश का पहला फेडरेशन है जिसने 2011 से 2025 तक के 5 लाख से अधिक प्रमाण पत्र डीजी लॉकर पर अपलोड किए हैं और भविष्य की प्रतियोगिताओं के प्रमाण पत्र सात दिनों के भीतर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है।
खिलाड़ियों का पंजीकरण आधार लिंक्ड सिस्टम से जुड़ा है तथा जन्म तिथि सत्यापन और उपस्थिति बायोमेट्रिक आधारित है। पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार के कारण एसजीएफआई को कई राष्ट्रीय खेल महासंघों से प्रशंसा प्राप्त हुई है। इस अवसर पर श्री भगवती सिंह, कार्यकारिणी सदस्य, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया भी उपस्थित रहे।

Check Also

69वीं राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए ‘सिंघा’ शुभंकर हुआ जारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। विकसित भारत अभियान के अंतर्गत स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES