वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय 7-कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में लगभग तीन दर्जन जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक फरियादी से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। जनता दर्शन में भूमि एवं राजस्व विवाद, अवैध कब्जे, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, रोजगार तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। श्री मौर्य ने सभी प्रकरणों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन सरकार और जनता के बीच विश्वास तथा संवाद का सशक्त माध्यम है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी नागरिक को न्याय पाने के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए।
भूमि विवाद और अवैध कब्जों के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए उप मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों से जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीबों और कमजोर वर्गों का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान उन्होंने कई जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। श्री मौर्य ने कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।