वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कानपुर। शहर की जर्जर सड़कों, ट्रैफिक जाम और सीधी हवाई कनेक्टिविटी के अभाव का असर अब प्रतिष्ठित चिकित्सा सम्मेलन पर भी पड़ा है। उत्तर और मध्य भारत के पुराने राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलनों में शामिल कानपुर आर्थ्रोप्लास्टी कोर्स-2026 की मेजबानी इस बार कानपुर के बजाय लखनऊ में होगी। दो से चार अक्टूबर तक प्रस्तावित सम्मेलन का आयोजन लखनऊ के होटल रमाडा में किया जाएगा।
परेड स्थित आईएमए भवन में गुरुवार को साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन डॉ. एएस प्रसाद ने बताया कि आयोजकों को उम्मीद थी कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे शुरू होने से आवागमन आसान होगा। इसी उम्मीद में बिठूर के एक होटल में 80 और सिविल लाइंस के होटल में 50 कमरे अग्रिम बुक कराए गए थे। हालांकि सड़क और यातायात की स्थिति को देखते हुए इन बुकिंग को रद्द करना पड़ा।
डॉ. प्रसाद के मुताबिक देश-विदेश से आने वाले विशेषज्ञों ने कानपुर की सड़क और फ्लाइट कनेक्टिविटी को लेकर असुविधा जताई। बाहर से आने वाली फैकल्टी की सुविधा को देखते हुए सम्मेलन को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में इस कोर्स की शुरुआत कानपुर में हुई थी और 2019 तक इसके आयोजन शहर में होते रहे। इसके बाद से लगातार यह आयोजन लखनऊ में किया जा रहा है।
डॉ. प्रसाद ने कहा कि कानपुर में सम्मेलन होने से स्थानीय युवा डॉक्टरों को भी विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलता। उन्होंने शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की जरूरत बताई।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. आनंद निगम ने बताया कि इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘प्रिसिजन इन आर्थ्रोप्लास्टी- द नेक्स्ट एरा’ है। देश-विदेश के विशेषज्ञ जोड़ प्रत्यारोपण की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा करेंगे। सह-अध्यक्ष डॉ. विशाल अग्रवाल के अनुसार सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी विशेष फोकस रहेगा। वहीं रोबोटिक वर्कशॉप में युवा डॉक्टरों को नई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।