Breaking News

बसपा ने जलालपुर सीट पर खोला पत्ता, दयाराम राजभर को बनाया प्रत्याशी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
अंबेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए जलालपुर विधानसभा सीट से दयाराम राजभर को प्रत्याशी घोषित किया है। शुक्रवार को जलालपुर तहसील क्षेत्र स्थित एक निजी मैरिज हाल में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में इसकी घोषणा की गई। सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि पार्टी 2027 में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर बसपा की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर लगातार सक्रिय रहना होगा।
विश्वनाथ पाल ने अंबेडकरनगर जिले के गठन समेत बसपा शासनकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं से इन्हें जनता के बीच पहुंचाने को कहा। उन्होंने भाजपा और सपा पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता दोनों दलों को नकारकर बसपा का समर्थन करेगी। उन्होंने जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा।
जलालपुर सीट से दयाराम राजभर को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दयाराम राजभर वर्तमान में अयोध्या मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने किया। सम्मेलन में दिलीप विमल, समीर चौधरी, मनोज वर्मा, मोहम्मद असद, केडी गौतम समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

गांधी-शास्त्री जयंती पर अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं, बोले- महापुरुषों के विचारों से ही देश कर सकता है प्रगति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES