वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते परिजनों से बिछड़ी 9 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया गया। मेट्रो कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से बच्ची को किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाया जा सका।
घटना 4 जनवरी 2026 की शाम करीब छह बजे की है, जब लेखराज मेट्रो स्टेशन पर एक 9 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। स्टेशन पर तैनात मेट्रो कर्मियों ने बच्ची को अकेला और घबराया हुआ देख तुरंत स्थिति को समझा और उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद स्टेशन कंट्रोलर को इसकी जानकारी दी गई, जिन्होंने बच्ची से शांतिपूर्वक बातचीत कर उसके बारे में आवश्यक जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर बच्ची की पहचान बीकेटी निवासी के रूप में हुई। स्टेशन कंट्रोलर द्वारा बच्ची की बहन से संपर्क किया गया और उन्हें मेट्रो स्टेशन पर बुलाया गया। सभी जरूरी औपचारिकताओं और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को शाम करीब साढ़े छह बजे सकुशल उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और लखनऊ मेट्रो के कर्मचारियों की तत्परता, सहयोगात्मक व्यवहार और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने मेट्रो प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समय में मेट्रो कर्मियों का संवेदनशील रवैया बेहद सराहनीय है।
इस संबंध में यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मेट्रो इसी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करती रहेगी।